दोनों आरोपियों और जब्त सामान को सीमा शुल्क विभाग, निचलौल के सुपुर्द किया
महराजगंज। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बुधवार को चार बोरी खाद और दो बाइक के साथ दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ लिया। बरामद खाद के दस्तावेज न मिलने पर एसएसबी ने दोनों आरोपियों और जब्त सामान को सीमा शुल्क विभाग, निचलौल के सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी की सीमा चौकी शीतलापुर की गश्ती टीम नियमित निगरानी के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 504 के निकट पहुंची। इस दौरान दो बाइकों पर चार बोरियों में खाद ले जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। जांच में दोनों व्यक्ति खाद के परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। अवैध रूप से खाद को सीमा पार नेपाल ले जाने की आशंका पर एसएसबी ने दोनों व्यक्तियों, दो बाइक और चार बोरी खाद को जब्त कर लिया। इसके बाद जब्त सामग्री एवं दोनों आरोपितों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, निचलौल को सौंप दिया गया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी, अवैध गतिविधियों और सीमा संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार गश्त, निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।