निचलौल। थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल बार्डर के पिलर संख्या 500/5 के करीब झुलनीपुर गंडक नहर पुल के पास पुलिस ने यूरिया नेपाल ले जाते समय दो नेपाली युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बरामद खाद जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, बहुआर पुलिस चौकी इंचार्ज भूपेंद्र प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो शख्स यूरिया की तस्करी कर भारत से नेपाल ले जा रहे हैं। उसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर जाकर रास्ते की घेराबंदी कर ली। कुछ ही देर बाद दो शख्स बाइक से यूरिया खाद लेकर बार्डर के करीब आ पहुंचे, जिन्हें पुलिस टीम रोककर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम मुहम्मद खान पठान व राधेश्याम नेटुवा निवासी रामग्राम वार्ड नंबर सात जिला नवलपरासी, नेपाल बताया। दोनों युवकों के बाइक से बरामद चार बोरी यूरिया खाद को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।