पुलिस एवं एसएसबी के जवानों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के चंडीथान स्थित रेलवे अंडरपास के निकट से की बरामदगी
पूछताछ एवं कागजी प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई के लिए कस्टम को सौंपा
गोल्ड, कॉपर, जिंक व आयरन से बनी हुई है मूर्ति का वजन है 7.6 किलोग्राम
नौतनवा/खनुआ। पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने सोमवार की देर शाम क्षेत्र के चंडीथान स्थित बरवाकला रेलवे अंडरपास के निकट से दो कार सवार व्यक्तियों को भगवान बुद्ध की मिश्र धातु निर्मित मूर्ति के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों का चालान कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की शाम संपतिहा चौकी प्रभारी जयप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक मनीष वर्मा एवं एसएसबी के निरीक्षक जितेंद्र कुमार ठाकुर के नेतृत्व में जवानों की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान के तहत जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से एक कार से कीमती मूर्ति के तस्करी होने की सूचना मिली।जानकारी के अनुसार, चंडीथान स्थित बरवाकला रेलवे अंडरपास के निकट एक सफेद रंग की कार को रोककर उसकी तलाश ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की में रखा मिश्र धातु निर्मित भगवान बुद्ध की एक मूर्ति और कार सवार दोनों व्यक्तियों के पास से कुल 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति मूर्ति से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाए। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने उक्त मूर्ति को बेचने के लिए नेपाल ले जाने की बात कबूल की। इसके बाद टीम ने दोनों व्यक्तियों को मूर्ति और वाहन समेत अपने हिरासत में ले लिया और थाने पर ले आए। यहां जांच कराई गई तो मूर्ति का वजन 7.6 किलोग्राम तथा उक्त मूर्ति गोल्ड, कॉपर, जिंक व आयरन से बनी हुई पाई गई। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान चालक विद्यासागर निवासी किशुनपुर सोबदा थाना ठूठीबारी जनपद महराजगंज एवं रामसिंह पासी निवासी गांव तरगौली सुनवल जिला नवलपरासी राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों को बरामद मूर्ति एवं कार के साथ आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया।