सिंदुरिया। क्षेत्र के मुंडेरा खुर्द में लगे इंडस कंपनी के टावर से तार चोरी के मामले में रविवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सिंदुरिया, चौक व निचलौल थाना क्षेत्र के छह गांवों में दूरसंचार व्यवस्था के लिए लगे टावर की पावर सप्लाई की केबल तार को बीते कुछ महीनों से काट लिया जा रहा था। मामले में संबंधित टावर टेक्नीशियन ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार की रात को मुंडेरा खुर्द में लगे टावर की अचानक साइट डाउन हो गई जिसे ठीक करने के लिए टेक्नीशियन शिवकुमार चौधरी व अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे, उसी दौरान दो चोर टावर के पावर प्लांट का केबल काटकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
कर्मचारियों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। पकड़े गए आरोपी को कर्मचारियों ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जितेंद्र प्रसाद निवासी मिठौरा टोला हड़तोड़वा और दूसरे साथी का नाम केदार निवासी मिठौरा बताया। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय का चालान किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। संवाद