खनुआ। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के खनुआ गांव के बजरडिहवा टोला के पास एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को छह बोरी कद्दू के बीज के साथ गिरफ्तार किया। दोनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया है। एसओ सोनौली महेंद्र मिश्रा ने बताया कि रविवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि खनुआ गांव के बजरडिहवा टोला के पास कुछ लोग नेपाल से लाकर कद्दू का बीज एकत्रित करके रखे हैं। मौका मिलते ही उसे भारतीय बाजारों में मांग के अनुसार निश्चित ठिकानों पर पहुंचा देंगे। सूचना मिलते ही एसएसबी 66वीं वाहिनी के बीओपी हरदीडाली के इंस्पेक्टर अभिनेश कुमार और खनुआ पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
सुरक्षा बलों को देखकर वहां खड़े कुछ लोग भागने लगे। जवानों ने भाग रहे लोगों में से दो को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़ में आए लोगों में रामकरन यादव निवासी शेख फरेंदा टोला करमहिया और गनेश जायसवाल निवासी सरोजनी नगर वार्ड 15 नौतनवा बताए गए हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल से कद्दू के बीज ले आते हैं और उसे मांग के अनुसार भारतीय क्षेत्रों में महंगे दामों पर निश्चित ठिकानों पर पहुंचाते हैं। आरोपियों की निशानदेही पर छह बोरी कद्दू का बीज और एक बाइक बरामद हुई।