परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में दिनदहाड़े बीच सड़क पर युवक को कार से खींचकर बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया है।
घटना शनिवार दोपहर लगभग 12:30 बजे की बताई जा रही है। परतावल-कप्तानगंज मार्ग स्थित नहर कॉलोनी गेट के सामने सामान्य दिनों की तरह लोगों और वाहनों की आवाजाही चल रही थी। तभी एक कार सड़क किनारे आकर रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक आधा दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे और कार में बैठे युवक को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद बीच सड़क पर ही उसकी लात-घूंसों से जमकर पिटाई की गई। मारपीट में घायल युवक की पहचान भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जद्दू पिपरा निवासी शाहरुख खान के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया है। वायरल वीडियो के आधार पर सरफुद्दीन और तारिक को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।