महराजगंज। निचलौल के प्राथमिक विद्यालय ग्रामसभा कपरौली में रविवार की रात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक को हुई। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी एवं मुकामी थाना को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रधानाध्यापक जयप्रकाश द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार अराजक तत्वों ने विद्यालय में लगे तालों को तोड़ दिया और विद्यालय परिसर में रखे मध्याह्न भोजन का दो बोरी गेहूं, चावल, एक गैस सिलिंडर और बड़ा हंडा चोरी कर लिया। इसके अलावा विद्यालय में तोड़फोड़ कर अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे विद्यालय पहुंचे, तब घटना की जानकारी हुई। विद्यालय में रखे खाद्यान्न व अन्य सामान चोरी होने से मध्यान्ह भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। प्रधानाध्यापक ने खंड शिक्षा अधिकारी से मामले में उचित कार्रवाई कराने तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है।