महराजगंज। जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और पोस्टमार्टम हाउस को जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल प्रशासन की तरफ से ट्रॉमा सेंटर में मिलने वाली इलाज व्यवस्था को पुरानी इमरजेंसी में शिफ्ट करा दी गई है। ऐसे में रविवार से लेकर सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक पुरानी इमरजेंसी में गंभीर मरीज देखे जाएंगे।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर को जाने वाली सड़क जर्जर हो गई थी। इससे मरीजों की कौन कहे वाहन से भी जाना मुश्किल हो गया था। ट्रॉमा सेंटर से जिला अस्पताल के वार्डों में मरीजों को परेशानी हो रही थी।
मरीजों की इस समस्या को दूर करने के लिए डीएम ने तत्काल सड़क निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन ने सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। सड़क निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। सड़क पकने में करीब चार दिन लगेंगे। ऐसे में चार दिन बाद ही आवागमन होगा। अस्पताल प्रशासन ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होते ही ट्रॉमा सेंटर को पुरानी इमरजेंसी में शिफ्ट कर दिया है। रविवार से गंभीर मरीज पुरानी इमरजेंसी में देखे जाएंगे।
ओपीडी के रास्ते पुरानी इमरजेंसी में पहुंचेंगे मरीज
पुरानी इमरजेंसी में मरीजों को ले जाने के लिए ओपीडी का मुख्य गेट 24 घंटे खुला रहेगा। ओपीडी के रास्ते मरीज इमरजेंसी में पहुंचेंगे। इमरजेंसी में डॉक्टर द्वारा जांच कर लिए जाने के बाद मरीजों को वार्ड में भर्ती किया जाएगा।