महराजगंज। समाधान दिवस और थाना दिवस की तरह अब परिवहन विभाग में भी हर महीने मेला लगेगा। उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए शासन के निर्देश पर नवंबर माह से प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय में परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा।
परिवहन विभाग की अधिकतर सेवाएं फेसलेस और ऑनलाइन होने के बाद भी ग्रामीण और अनपढ़ उपभोक्ताओं को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। फाइल रिजेक्ट होना, दस्तावेज अपलोड में दिक्कत और जानकारी के अभाव में लोग बिचौलियों के चक्कर में फंस जाते हैं। इसी को देखते हुए शासन ने परिवहन मेला कार्यक्रम के लिए निर्देशित किया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार मेले में एक ही छत के नीचे सभी विभागीय कार्य पूरे किए जाएंगे। उपभोक्ता को टैक्स जमा करने के लिए अलग काउंटर और फिटनेस के लिए अलग दिन नहीं भागना पड़ेगा।
मेले में होंगे ये प्रमुख कार्य-
एआरटीओ कार्यालय के मुताबिक मेले में वाहन स्वामियों के सभी लंबित कार्य प्राथमिकता पर निस्तारित होंगे। वाहन कर जमा करना, वाहनों की फिटनेस जांच और प्रमाण पत्र, प्रदूषण जांच केंद्र से संबंधित शिकायतों का निस्तारण, आरसी में नाम परिवर्तन, पता परिवर्तन, डुप्लीकेट आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट और एनओसी से जुड़े मामले, ई-चालान और टैक्स से जुड़ी शिकायतों का मौके पर समाधान आदि कार्य हो सकेंगे।
बोले अधिकारी
विभाग के उच्चाधिकारियों ने परिवहन मेले का कांसेप्ट साझा किया है। इससे एक ही स्थान पर सभी ऑनलाइन व ऑफलाइन कार्य कराए जा सकेंगे। नवंबर में इसे प्रभावी किया जाएगा। - मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ, महराजगंज