रोडवेज बसों को परिसर में दाखिल होने और निकलने में होती है असुविधा
महराजगंज। जनपद मुख्यालय के रोडवेज बस अड्डे का बुरा हाल है। परिसर के दोनों मुख्य गेट पर निजी व्यावसायिक वाहन डेरा डाले रहते हैं। साथ ही परिसर के भीतर अवैध तरीके से निजी वाहन पार्क रहते हैं। इस वजह से रोडवेज बसों को परिसर में दाखिल होने व वाहन को मोड़ने में असुविधा होती है।
महराजगंज डिपो के अंतर्गत कुल 76 रोडवेज बसों का संचालन किया जाता है। लेकिन अगर सभी बसों को बस स्टेशन परिसर में खड़ा होना हो तो यह संभव नहीं है। परिसर में रोडवेज की बसें दाखिल हों इसके लिए दो द्वार बनाए गए लेकिन दोनों पर ई-रिक्शा का जमावड़ा इस कदर रहता कि बाहर से आने वाली बसों को परिसर में दाखिल होने के लिए तीन से पांच मिनट तक इंतजार करना पड़ता है।
समस्या यहीं नहीं खत्म होती। परिसर में आसपास के दुकानदार अपना वाहन पार्क कर देते हैं। इन वाहनों के कारण रोडवेज बसों को पूरे दिन असुविधा होती है। डिपो के एक परिचालक ने बताया कि प्रतिदिन चार से पांच कार परिसर के भीतर खड़ी रहती है। पार्किंग से मना करने पर ऐसा करने वाले झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहन यात्री सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण इस दुर्व्यवस्था से निजात नहीं मिल पा रही है।
वर्जन
स्टेशन परिसर में निजी वाहन न पार्क किए जाएं और बस स्टेशन गेट पर ई-रिक्शा न खड़ा करें इसके लिए कई बार कहा जा चुका है। इस मनमानी से यातायात पुलिस भी अवगत है लेकिन कार्रवाई न होने से ऐसे लोग बेखौफ हैं।
- सर्वजीत वर्मा, एआरएम, महराजगंज डिपो