महराजगंज। विद्युत उपकेंद्र चेहरी में जल्द पांच एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इस पर 95 लाख रुपये खर्च होंगे। वर्तमान में चेहरी विद्युत उपकेंद्र से एक पांच एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर से बिजली आपूर्ति की जा रही है।
इससे ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। लोग बिजली की कटौती से परेशान हैं। इसके लगने से डेढ़ लाख की आबादी को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। जानकारी के अनुसार, विद्युत उपकेंद्र चेहरी से कुल 13,509 उपभोक्ता जुड़े हैं, जिन्हें बिजली आपूर्ति की जाती है। इस सब स्टेशन पर एक पांच एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा है। इसके अलावा दो फीडर जुड़े हैं।
इसमें से एक फीडर खराब हो चुका है। वर्तमान में केवल एक फीडर के सहारे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे अधिक दबाव पड़ने के कारण बार-बार ट्रिपिंग और कटौती की समस्या उत्पन्न हो रही है। विद्युत विभाग की ओर से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए 5 एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर और एक 5 एमवीए का पैनल लगाने के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा गया है।
स्वीकृति मिलते ही ट्रांसफाॅर्मर और पैनल लगाने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। चेहरी निवासी सुनील पासवान ने बताया कि चेहरी विद्युत उपकेंद्र में नया ट्रांसफाॅर्मर और पैनल लगने से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
विद्युत उपकेंद्र चेहरी से जंगल दुधई उर्फ चेहरी, पकड़ी नौनिया, महदेवा, खुटहा, रम्हौली, पिपरा रसूलपुर, कांध, लखराव, सिंहपुर, सिसवा अमहवा, सरडिहा, महुअवा, महलगंज, आईटीएम समेत कई गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। गर्मी के मौसम में इन क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या बढ़ जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।