चेहरी स्थित आईटीएम में मतदान कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
महराजगंज। निर्वाचन को बेहतर ढंग से संपन्न कराना चुनौतीपूर्ण दायित्व है। मतदान कार्मिक के रुप में तैनात पीठासीन व मतदान अधिकारी इससे डरें नहीं, बल्कि प्रकिया को बेहतर ढंग से समझ कर मतदान को तत्परता से कराना सुनिश्चित करें। चेकलिस्ट को मतदान अधिकारी ध्यान से पढ़ें तथा पार्टी के रुप में रवाना होने से पूर्व सामग्रियों का मिलान अवश्य कर लें।
ये निर्देश चेहरी स्थित इंस्टीट्यूट आफ टेक्निकल एंड मैनेजमेंट में आयोजित मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के चौथे दिन मंगलवार को सिसवा विधानसभा के प्रेक्षक केशवेंद्र कुमार ने दिए। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सभी मतदान कार्मिक चुनावी ड्यूटी के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन करें। पीठासीन अधिकारी प्रपत्र 1, 2, 3 व 4 को सावधानी पूर्वक समय से भरना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि कार्मिक बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट व वीवी पैट मशीनों में आने वाली गड़बड़ियों को अच्छी तरह समझ लें। मतदान के दिन कार्मिक अपनी भूमिका समझदारीपूर्वक निभाएंगे, तो निर्वाचन प्रकिया में काफी सहूलियत चलेगी। इस दौरान जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक राजकरन पाल, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
--------------------
चौथे दिन 34 कार्मिक रहे अनुपस्थित
चौथे दिन के प्रशिक्षण में कुल 34 कार्मिक अनुपस्थित रहे। सहायक अधिकारी कार्मिक जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों ने यदि 27 फरवरी तक प्रशिक्षण नहीं लिया, तो उनके विरुद्ध एफआईआर कराते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए आयोग को पत्र भेजा जाएगा।