महराजगंज/सोनौली। पूर्व-पश्चिम महेंद्र राजमार्ग के अंतर्गत पूर्वी नवलपरासी हिलम्या मार्ग बारिश के कारण रविवार रात से अवरुद्ध है। सोमवार को नवलपरासी में यातायात शुरू कर दिया गया है। सोमवार सुबह 11 बजे से वन-वे ट्रैफिक संचालित किया गया है। इसमें 17 घंटे से फंसे नेपाल की तरफ से आने वाले वाहनों को निकाला गया। अभी भी काठमांडों जाने वाले सैकड़ों भारतीय एवं नेपाली वाहन और पर्यटक नवलपरासी में फंसे हैं।
जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी के अनुसार, राजमार्ग सूखने के बाद वाहनों की आवाजाही एक लेन से शुरू कर दी गई है। हाईवे पर चल रहे निर्माण के कारण डायवर्ट स्थानों पर ट्रकों के फंसने से समस्या बढ़ गई है। अरुनखोला और चोरमारा के बीच गनर नदी में कीचड़ में फंसी गाड़ियों के कारण हाईवे पर यातायात में दिक्कत हो रही है।
डीएसपी गगन थापा ने बताया कि बारिश के कारण लंबा ट्रैफिक जाम है। बड़े मालवाहक वाहन कीचड़ में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। एकतरफा वाहनों का संचालन किया गया। धूप निकलने से यातायात आसान हो जाएगा। रविवार की बारिश के बाद सड़कों पर फिसलन और वाहनों के फंसने के कारण महेंद्र हाईवे कल रात 7 बजे से अवरुद्ध हो गया था। दक्षिण सड़क खंड पर एक मीटर तक धूल थी। बारिश होने पर यह गति सामान्य है।