महराजगंज। मुख्यालय-निचलौल रोड को नेशनल हाईवे बनाने का व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को व्यापारियों ने कस्बे के दुर्गा मंदिर परिसर में बैठक के बाद प्रदर्शन कर शहर में कम चौड़ी सड़क बनाने की मांग की। इसको लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि वह मउपाकड़ रोड पर आवास और दुकान बनाकर जीवनयापन करते हैं। अब हमसे यह जगह छीन लेना उचित नहीं है। बैठक करते हुए व्यापारियों संग उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल ने कहा कि नगर स्थित सक्सेना चौक से 14 मीटर चौड़ाई को मानकर नगर पालिका परिषद की सीमा तक सड़क निर्माण होना चाहिए, क्योंकि एक ही शहर के भीतर दो-दो एनएच का होना कोई औचित्य नहीं है।
कहा कि वह लोग सड़क के किनारे आवास बनाकर अपनी दुकानदारी करते हैं। पहले वह जिला पंचायत गोरखपुर के तो अब नगर पालिका महराजगंज के किराएदार हैं। कहा कि उक्त रोड पर डिग्री कॉलेज और इंटर कॉलेज भी हैं, लेकिन हमसे तो किराया वसूला जाता है। इन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। इन तथ्यों के आधार पर शहर के बाहर बाइपास बनाकर ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया गया है। मुकंद मिश्रा, डाॅ. दिलीप सेठ, राजेंद्र गुप्त, काशीनाथ वर्मा, कन्हैया लाल अग्रवाल उमेश अग्रहरि, विष्णु, गणेश मद्धेशिया, रामस्नेही, सुरेंद्र शर्मा ने बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर अजीत जायसवाल, चंदन जायसवाल, उमेश अग्रहरि, संदीप कुमार, प्रदीप पटेल मौजूद रहे।
सदर विधायक ने दिया आश्वासन
सोमवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया भी व्यापारियों के विरोध कार्यक्रम को देखते हुए दुर्गा मंदिर पहुंचे। उन्होंने व्यापारी नेताओं से वार्ता की। संबोधन में कहा कि किसी भी परियोजना में व्यापारियों अथवा जनता का अहित नहीं होने दिया जाएगा। समस्या को वह मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर निदान कराएंगे। कहा कि जब आजतक किसी का अहित नहीं हुआ तो आगे भी ऐसा कुछ नहीं होगा। व्यापारी शांत रहें और अपना कार्य करें, बाकी जिम्मेदारी मेरी है।