महराजगंज। ट्रेड शो के जरिये स्वदेशी बिक्री का बाजार न सिर्फ मजबूत होगा बल्कि इससे जिले के ओडीओपी उत्पाद फर्नीचर को राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
यह बातें आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने कही। वह बृहस्पतिवार को जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी काॅलेज में उद्योग विभाग व जिला प्रशासन की तरफ से आयोजित महराजगंज ट्रेड शो 2025 का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें अपने जिले में तैयार होने वाले उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे उत्पादन से जुड़े परिवार का भरण-पोषण व उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो सके।
कहा कि उद्योग लगाने से एक परिवार का ही नहीं उसमें कार्य करने वाले लोगों का भी जीविकोपार्जन होता है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, सीएमओ डाॅ.श्रीकांत शुक्ला, उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, डीडीओ बीएन कन्नौजिया, पीडी रामदरश चौधरी, पीजी काॅलेज प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट मौजूद रहे।