महराजगंज। जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक कलक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। उपनिदेशक पर्यटन की ओर से जिला योजना, राज्य योजना और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पर्यटन प्रस्तावों को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावों को स्वीकृत करते हुए निर्देशित किया कि पर्यटन परियोजनाओं में जलाशयों को स्वच्छ रखने की व्यवस्था करें। पर्यटन नीति 2022 के अंतर्गत वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान किए जाने के लिए जनपद में राज्य की दुर्लभ एवं लुप्तप्रायः कला, संगीत, शिल्प, लोक नृत्य और व्यंजनों के संरक्षण, संवर्धन व पुनर्जीवित करने में शामिल व्यक्ति/समूह को रुपये पांच लाख तक का एकमुश्त अनुदान दिए जाने संबंधी योजना पर चर्चा करते हुए, योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को पर्यटन परियोजनाओं को समय और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन की बहुत अच्छी संभावना है, आवश्यकता अवसरों के दोहन की है। उन्होंने रामग्राम और देवदह जैसे ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करने के लिए प्रयासों को और तेज करने के निर्देश दिए। संवाद