- दो साल से बनकर तैयार है शौचालय, अभी तक इसे इस्तेमाल में नहीं लाया जा सका
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों के लिए बने शौचालय में ताला बंद है। इससे मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में लोग अस्पताल परिसर में खुले स्थानों पर पेशाब करते हैं।
अस्पताल के दाहिने तरफ मरीजों और तीमारदारों के लिए शौचालय व यूरिनल बनाया गया है। अभी इसका उद्घाटन नहीं होने के कारण ताला लगा हुआ है। बताया जाता है कि करीब दो साल पहले शौचालय बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक इसे इस्तेमाल में नहीं लाया जा सका है। वहीं अस्पताल परिसर में ही दिव्यांगों के लिए शौचालय बनाया गया है। उस पर भी ताला लगा है।
अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि इलाज और जांच के बाद उन्हें शौचालय की सुविधा नहीं मिलती। मजबूरी में बाहर जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमाशंकर सिंह ने कहा कि इसकी जानकारी मिली है, इसे दिखवाया जाएगा।