आज नगर में भीख मांग कर प्रदर्शन करेंगी रसोइयां
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। राष्ट्रीय मध्याह्न भोजन रसोइयां फ्रंट की जिला इकाई का धरना तीसरे दिन रविवार को भी कलेक्ट्रेट के सामने जारी रहा। पदाधिकारियों ने 29 अक्तूबर को नगर में भ्रमण कर भीख कर आंदोलन की चेतावनी दी। संगठन की तरफ से मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन की जिलाध्यक्ष संध्या देवी ने कहा कि जुलाई माह से ही रसोइयों को मानदेय नहीं मिला है। इससे रसोइयों को परेशानी हो रही है। उनका कहना था कि ऐसे में रसोइयां अब शहर में भीख मांगकर आंदोलन तेज करेंगे। जिला संरक्षक राजेंद्र प्रसाद ने कहा मानदेय बढ़ाने का आश्वासन तो दिया गया लेकिन अब तक बढ़ाया नहीं गया। उन्हें अब भी सिर्फ 1000 रुपये ही मानदेय दिया जा रहा है। यह मानदेय भी जुलाई माह से नहीं मिल रहा है। इससे रसोइयों को समस्या हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और ग्राम प्रधान द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है। उत्पीड़न पर रोकग लगाने सहित रसोइयों की समस्याओं के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया लेकिन कुछ नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगे अविलंब पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरने में महेश प्रसाद, बदरी प्रसाद, रीता देवी, संगीता, कौशल्या, प्रेमी देवी, श्रीराम सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।