गैरहाजिर मिले सुपरवाइजर का कटेगा वेतन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। डीएम अमर नाथ उपाध्याय ने रविवार को परतावल विकास खंड के बड़हरा बरई पार गांव में हुए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वह मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जांच करने प्राथमिक विद्यालय बड़हरा बरईपार में बने बूथों पर भी पहुंचे। यहां उन्होंने मतदाता सूची में नए लोगों के नाम जोड़ने व संशोधन और गलत नाम हटाए जाने के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बूथों पर बीएलओ पुनरीक्षण कार्य करते हुए मिले। प्राथमिक विद्यालय छातीराम में निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर नहीं मिले। इस पर उन्होंने एसडीएम को सुपरवाइजर का वेतन काटने का निर्देश दिया।
प्राथमिक विद्यालय बड़हरा बरईपार में बीएलओ ने डीएम को बताया कि अब तक 13 नाम काटे गए हैं जबकि 14 लोगों के नाम सूची में जोड़े गए हैं। प्राथमिक विद्यालय में मरम्मत कार्य चल रहा था। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान राम कुमारी के पुत्र पंकज जायसवाल पूछताछ के दौरान डीएम के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने का निर्देश दिया। उन्होंने नोडल अधिकारी एसडीएम सत्यम मिश्रा को विद्यालय में हो रहे कार्यों की जांच कराने का निर्देश भी दिया। कहा कि जांच रिपोर्ट यथाशीघ्र उन्हें सौंपे। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय छातीराम का भी निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर उपस्थित नहीं मिले। इस पर डीएम ने वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को सुपरवाइजर को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने का निर्देश भी दिया।