निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के बंदी विशुनपुरा गांव में आरआरसी भवन निर्माण में जिम्मेदारों की ओर से धांधली की गई थी। इस मामले में अमर उजाला ने 30 जून के अंक में आरआरसी भवन में उगा दी सब्जी, जांच टीम गठित नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था।
मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने जांच रिपोर्ट के आधार पर सचिव को निलंबित कर दिया था।
सचिव और ग्राम प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए पंचायत सहायक को निर्देशित किया था, जबकि उक्त मामले में ही एडीओ पंचायत समेत कई जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस दी थी। कार्रवाई के बाद अधूरे आरआरसी भवन पर 24 घंटे के अंदर टीनशेड लगा दिया गया और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा की ओर से जांच के बाद जारी कार्रवाई पत्र के मुताबिक बंदी विशुनपुरा गांव में 5.65 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी करीब पांच माह से आरआरसी भवन अधूरा है। इतना ही नहीं आरआरसी भवन में जिम्मेदारों की ओर से सब्जी उगा दी गई थी।