राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जीते दो स्वर्ण सहित सात पदक
महराजगंज। लखनऊ के महाराजा अग्रसेन कॉलेज में संपन्न हुए राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत व चार कांस्य पदक जीतकर अपना परचम लहराया है।
महराजगंज जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के सब जूनियर, कैडेट और जूनियर बालक व बालिका वर्ग में कुल 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था जिसमें से जुबेर अहमद व नागेश्वर विश्वकर्मा ने स्वर्ण पदक, हर्षिता सिंह ने रजत पदक, आंचल प्रजापति, नेहा यादव, शाबान अली व विशेष विश्वकर्मा ने कांस्य पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया।
पदक विजेता सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, एसोसिएशन के अध्यक्ष शरदेन्दु कुमार पांडेय, संरक्षक दिग्विजय सिंह एवं प्रशिक्षक रिजवान अहमद फैजी, महेश राजभर, संजय सैनी, दिनेश गुप्ता, राहुल राय, उत्सव शर्मा, आकाश कुमार चौधरी, रामनारायण चक्रवर्ती ने प्रसन्नता जताते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।