पनियरा। थाना क्षेत्र के एक स्कूल से छुट्टी होने के बाद साइकिल से घर लौट रही 10 वीं की छात्रा का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अपहृत बालिका को पुलिस ने तीन घंटे में ही बरामद कर लिया था।
मामले में उसकी मां की नामजद तहरीर पर स्थानीय थाने में केस दर्ज हुआ था। तहरीर में शिकायतकर्ता ने कहा है कि सोमवार को कक्षा दस में पढ़ रही उसकी पुत्री तीन बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद साइकिल से घर लौट रही थी। जैसे ही वह धगरहवां व खुटारे के बीच नहर की पुलिया पर पहुंची तो वहां पहले से ही मौजूद रजौड़ा खुर्द निवासी दीपक, वकील उर्फ रविध्वज व अरूण उसको जबरन रोक लिया। उसने विरोध किया तो उसके साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म करने की नीयत से खींच कर बाइक पर बैठाकर गोरखपुर की तरफ भागने लगे। इसी बीच गांगी बाजार के पास बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर अपहर्ता पेट्रोल पंप खोजने लगे।
बताया गया है कि इसी बीच मौका पाकर उसकी पुत्री वहां से भाग निकली और किसी के मोबाइल से घर फोन किया, जिसकी जानकारी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी। पुलिस ने अपहृत छात्रा को बरामद करके थाने लाकर पूछताछ की। वहीं मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बेलटिकरा गांव के ईंट भट्ठे के पास सुबह 11 बजे तीनों अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। तीनों अपहर्ता कहीं भागने की फिराक में थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करके गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। संवाद