महराजगंज। नगर पालिका परिषद के दो वार्डों में जर्जर सड़कों की सूरत जल्द ही बदलने वाली है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत तीन सड़कों के निर्माण के लिए शासन से बजट प्राप्त हो गया है। नगर पालिका की ओर से टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के लोहिया नगर वार्ड में दो सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। द्वारिका के घर से सुभाष निषाद के घर तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए 16.80 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। सरडिहा पीडब्ल्यूडी रोड से मनोज के घर तक सीसी सड़क के साथ नाली का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए 25.20 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं आंबेडकर नगर वार्ड में भी एक जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। यह सड़क परदेशी की दुकान से मेन रोड तक बनाई जाएगी। इसके लिए 18.50 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।