निचलौल। थाना क्षेत्र के खोन्हौली गांव में शुक्रवार को एक मकान में करंट उतरने से एक मासूम समेत तीन लोग झुलसे गए। लोगों की मदद से घायलों को एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हादसे के घंटों बाद लोगों में चीख पुकार मची रही। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, खोन्हौली निवासी भरत गौंड (55) और बहू नेहा (30) घर के अंदर किसी कार्य में व्यस्त थे। वहीं पोती श्वेता गौंड (3) घर के अंदर खेल रही थी। इसी बीच मकान से सटकर गुजरी हाइटेंशन तार से मकान में करंट उतर गया, जिसके चलते तीनों करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान अंबरीश पासवान ने लकड़ी से मारकर तीनों को छुड़ाया, जिसके चलते बड़ी अनहोनी होने से बच गई। इस बारे में पूछने पर अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। संवाद