महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र की ग्रामसभा बेदौली के पास बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा द्वारिका निवासी सरवन (35) पुत्र सुदामा किसी काम से झुलनीपुर आए थे। वापस लौटने के दौरान झुलनीपुर नहर मार्ग पर ग्रामसभा बेदौली के पास विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार से टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर निचलौल क्षेत्र के ग्राम कुड़ियां निवासी केदार (55) और उनकी पत्नी बिंद्रावती (50) सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद रहे लोगो की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी निचलौल पहुंचाया। तहरीर मिलने के बाद जांचकर कार्रवाई की जाएगी।