तीन पर खिला कमल,एक पर पंजे की पकड़
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। महराजगंज जिले के सात निकायों में से जहां तीन पर पर कमल खिला है, वहीं तीन पर निर्दलियों ने कब्जा जमा लिया। कांग्रेस के पंजे की पकड़ निचलौल के अध्यक्ष की सीट पर मजबूत हुई है और यह सीट उसकी झोली में गई है। महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी निकाय में अध्यक्ष के पद पर सपा व बसपा का प्रत्याशी विजय हासिल नहीं कर पाया है।
जिले के सात निकायों में महराजगंज तथा नौतनवां नगर पालिका परिषद हैं जबकि आनंद नगर, निचलौल, निचलौल, घुघली, तथा सोनौली नगर पंचायत हैं। शुक्रवार को हुई मतगणना में नगर पालिका परिषद महराजगंज से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण गोपाल जायसवाल ने 7449 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के श्रवण पटेल को 987 मतों से पराजित किया। श्रवण पटेल को कुल 6462 मत मिले। नगर पालिका परिषद नौतनवां में अध्यक्ष पद के निर्दल प्रत्याशी मुहम्मद कलीम उर्फ गुड्डू खान ने 7572 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की रजनी को 2961 मतों से पराजित किया। यहां सपा की रजनी को 4611 वोट मिले।
नगर पंचायत आनंदनगर से भाजपा प्रत्याशी राजेश ने निर्दल प्रत्याशी विनोद गुप्ता को 650 मतों से हराया। भाजपा के राजेश को 2484 मत तो निर्दल विनोद गुप्ता को 1834 वोट मिले। वहीं पर निचलौल की सीट पर कांग्रेस के विश्वनाथ ने कब्जा जमा लिया। विश्वनाथ ने 3385 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के शिवनाथ को 657 मतों से हराया। सपा के शिवनाथ को कुल 2728 मत मिले।
वहीं पर नगर पंचायत सिसवा से भाजपा प्रत्याशी रागिनी देवी ने 2795 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की पुष्पा को 269 वोट से पराजित किया। पुष्पा को 2526 मत मिले। घुघली से निर्दल प्रत्याशी उर्मिला ने बाजी मारी। उर्मिला ने 2307 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजेश को 698 मत से पराजित किया। राजेश को केवल 1609 वोट मिले। इसी प्रकार नव सृजित नगर पंचायत सोनौली से कामना त्रिपाठी ने 2752 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय लोक दल की मेहरुन्निसा को 551 मतों से हराया। यहां मेहरुन्निसा कतो 2201 मत मिले।
प्रभारी जिलाधिकारी राम सिंहासन प्रेम ने बताया कि जिले की सभी सात निकायों के अध्यक्ष व सदस्य पद के चुनाव मंे पड़े मतों की गिनती का काम पूरा कर परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।