बाइक से बरात जा रहे थे तीनों, सबयां स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
दो युवक सोनबरसा गांव और तीसरा घुघली थाना क्षेत्र का था निवासी
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा निवासी दो युवकों सहित तीन की सबयां स्थित पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस की टक्कर से मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक से बरात जा रहे थे। दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की।
ग्राम सोनबरसा में ध्रुपनरायण बंसराज के बेटे की बरात जा रही थी। गांव के साहिल (20), किसन (19) व निमंत्रण में आया घुघली थाना क्षेत्र का टेंढ़वा कुटी निवासी अमरीश (20) तीनों युवक एक ही बाइक पर बैठ कर घर से कुशीनगर के ग्राम एकडंगी बरात के लिए निकले। सबयां से पहले एक पेट्रोल पंप के सामने रोडवेज बस की टक्कर से तीनों युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस से तीनों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान मृतकों के परिजन अस्पताल पर पहुंचे। तब तक पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि 20 दिन पहले ही साहिल सूरत से और किसन मुंबई से आये थे। कुछ दिनों बाद फिर अपने काम पर वापस लौटने वाले थे। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के घरवालों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।