धानी। दुबौलिया टोला के पंडितावलपुर में एक वृद्ध की मौत शुक्रवार सुबह हो गई। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर लेहड़ा में धानी-बृजमनगंज मार्ग जाम कर दिया। दरवाजे से पोल हटाए जाने के आश्वासन के तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान दोनों तरफ से आवागमन प्रभावित हो गया।
पंडितावलपुर निवासी मिश्री यादव की शुक्रवार की सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। घर वालों का कहना है कि कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बावजूद पुलिस की मिली भगत से दरवाजे पर पोल लगा दिया गया। जिसके सदमे में मौत हो गई। करीब 11 बजे घर व गांव के अन्य लोग मिश्री के शव को लेकर लेहड़ा बाजार पहुंचे और धानी-बृजमनगंज मार्ग जाम कर दिया।
उनका कहना था कि मिश्री के घर के ऊपर से विद्युत केबल गया था। कुछ दिन पहले केबल टूट गया। जिससे गांव के दो व्यक्ति जोड़वा रहे थे। जिसका विरोध किया। बाद में कोर्ट में वाद दायर कर दिया गया। मामला कोर्ट में चल रहा था कि गुरुवार को दो पुलिस वालों की मौजूदगी में मिश्री के घर के पास एक दूसरा पोल गाड़कर सप्लाई दे दी गई। जिसका सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए और शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
गांव वालों का कहना था कि जब तक पोल नहीं हटेगा। वे जाम समाप्त नहीं करेंगे। चक्का जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम के अलावा भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम जयचंद पांडेय के आश्वासन के बाद करीब दो चक्का जाम समाप्त हुआ।