मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत होगा निर्माण
महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे नगर पंचायत सोनौली में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों की स्थिति अब जल्द बदलने वाली है। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) विभाग द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है। 86 लाख रुपये की लागत से इन सड़कों का निर्माण मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत कराया जाएगा।
डूडा अधिकारी प्रेमशंकर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर चार शास्त्री नगर और चार माधव राम नगर क्षेत्र की दो जर्जर सड़कों का चयन किया गया है। इन मार्गों पर सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सड़कों की हालत काफी खराब हो चुकी हैं। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार राहगीर और स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं। सड़कें खराब होने से आवागमन प्रभावित रहता था और व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है। अब सीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण के बाद आवागमन सुगम होगा और नगर पंचायत क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। डूडा विभाग के अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कार्यदायी संस्था को मानक के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहें। विभाग का कहना है कि योजना का उद्देश्य नगर निकाय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाकर लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है।