महराजगंज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने शुक्रवार को सभी ब्लॉक स्तर के चिकित्सा अधीक्षकों के साथ टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में टीकाकरण की गति, कार्यप्रणाली और एएनएम की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। लापरवाही मिलने पर तीन सीएचसी अधीक्षकों को चेतावनी दी।
सीएमओ ने कहा कि एएनएम को टीकाकरण के दौरान किन-किन बातों का ध्यान रखना है। इसकी पूरी जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर और सुरक्षित तरीके से टीका लगाया जाए। इसके लिए प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। बैठक के दौरान सीएमओ ने खराब प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों में धानी, बृजमनगंज और सिसवा के अधीक्षकों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों से लगातार धीमी प्रगति की रिपोर्ट मिल रही है जो चिंता का विषय है। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार आर्या, डिप्टी प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज कुमार कन्नौजिया, अधीक्षक डॉ. अधिदेव कश्यप, विपिन शुक्ला, डॉ. उमेश चंद्रा मौजूद रहे। संवाद