घुघली। पुलिस ने गश्त के दौरान घुघली बुजुर्ग घाट के पास प्रतिबंधित पशु का शिकार करने और उसके मांस की तस्करी करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो प्लास्टिक की बोरियों में भरा ताजा मांस, तीन बड़े चाकू और दो बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की गुप्त सूचना मिली थी कि कुशीनगर सीमा से सटे नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में कुछ लोग रात के अंधेरे में नीलगाय का शिकार कर उसके मांस को महराजगंज लाकर बेचते हैं। सूचना पर उप निरीक्षक अशोक कुमार टीम के साथ घाट पर पहुंचे। वहां से दो बाइक पर प्लास्टिक की बोरियां लादे तीन संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन दौड़ाकर सभी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सद्दाम, अब्दुल हसन और इसराफी के रूप में हुई। तीनों विरैचा-सेमरहना इलाके के निवासी हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे रात में नदी पार नेबुआ नौरंगिया जंगल में घूमकर पानी पीने आई नीलगाय को घेरकर मारते हैं, फिर चाकू से टुकड़े कर बोरियों में भरकर मोटरसाइकिल से लादकर बेचने लाते हैं। आज भी उन्होंने एक नीलगाय का शिकार किया था।
बरामद बाइक किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड है। अभियुक्तों के पास न तो वाहनों के कागजात थे और न ही चाकुओं का कोई वैध लाइसेंस। घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि बरामद मांस को मौके पर गड्ढा खोदकर दफनाया गया। चाकू सील कर लिए गए हैं। साथ ही आरोपी सद्दाम, अब्दुल हसन, इसराफी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। संवाद