बैनामा हुआ विक्रेता को दिया गया चेक, अगले दिन पता चला कि खाते में रकम ही नहीं
एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसहियां बुजुर्ग के सरजू यादव ने अपनी जमीन बेची थी। जिस दिन जमीन का बैनामा हुआ उस दिन विक्रेता को चेक दे दिया गया। अगले दिन पता चला कि खाते में रकम ही नहीं है। पैसा मांगने पर उसे धमकियां दी जा रही है। मामले में एसपी के आदेश पर श्यामदेउरवां पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सरजू यादव ने बताया कि उसके पिता को तीन डिस्मिल जमीन बेचनी थी। जमीन खरीदने के लिए पनियरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कमासिन खुर्द निवासी पप्पू सिंह, बृजेश सिंह, प्रियंका सिंह, पूनम सिंह और उनके दो सहयोगी गोरखपुर निवासी हसन अली व समीर अली मेरे घर आए। सहमति बनाकर मेरे पिता से 31 अगस्त 2021 को जमीन लिखवा ली और तय रकम नौ लाख रुपये का चेक दिये। उन्होंने कहा कि खाते में पैसा है आप अपने आवश्यकता अनुसार निकाल लिजिएगा। अगले दिन जब चेक को अपने खाते में लगाया तो पता चला कि खाते में रकम ही नहीं है।
जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एक महीने बाद पैसा खाते में डाल देंगे, लेकिन आज तक पैसा नहीं दिए। बीते 5 अक्तूबर को उन्हें भिटौली नहर के पास देखा तो उन्हें रोका और कहा कि मेरा पैसा दे दीजिये तो उनके द्वारा हमें डराया धमकाया जाने लगा। साथ ही कहा कि हम तुम्हारे रुपये के बारे में नहीं जानते है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी पप्पू सिंह, बृजेश सिंह, प्रियंका सिंह, पूनम सिंह, हसन अली, समीर अली के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।