मास्क न लगाने वालों को नेपाल सीमा से लौटाया
सोनौली। ओमिक्रॉन को ध्यान में रखते हुए नेपाल के बेलहिया सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमा पर जांच के साथ ही मास्क लगाने के नियम को लागू कराने के लिए सख्ती की जा रही है। नेपाल के स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय ने स्थानीय और राज्य सरकारों को ओमिक्रॉन के प्रसार को रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। मास्क न पहनने वालों को सीमा से लौटा दिया गया।
महामारी विज्ञान और रोग नियंत्रण विभाग ने रविवार को एक नोटिस जारी कर ओमिक्रॉन के प्रसार को रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। मंत्रालय का कहना है कि कोरोना महामारी का वैश्विक जोखिम अधिक बना हुआ है। विभाग ने स्वास्थ्य संस्थानों को जन स्वास्थ्य मानकों का पूरी तरह पालन करने और कोरोना टेस्टिंग का दायरा बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी रूपनदेही ऋषि राम तिवारी ने बताया कि बेलहिया सीमा पर उच्च सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। पहचान कर एंटीजन किट से जांच की जाए और जांच का दायरा बढ़ाया जाए। इंस्पेक्टर बेलहिया नवीन पौंडेल ने बताया कि भारत से नेपाल आने वाले करीब 50 उन लोगों को वापस किया गया, जिन्होंने मास्क नहीं लगाया था। उन्हें चेतावनी दी गई की मास्क पहनकर घर से बाहर निकलें।