महराजगंज। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को लोक निर्माण निरीक्षण भवन में कहा कि 1.5 मिट्रिक टन से अधिक यूरिया खरीदने वालों की जांच होगी। अगर इसमें गड़बड़ी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा में पाया गया कि जनपद के कुछ किसान अनेक बार अत्यधिक मात्रा में यूरिया क्रय किए हैं। इनकी सूची तैयार की गई है और जिला प्रशासन को इनके द्वारा खरीदे गए उर्वरक और रकबे की जांच करने का निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि कोई किसान रकबे की तुलना में अत्यधिक उर्वरक खरीदने का दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बताया रिपोर्ट के अनुसार 261 किसानों ने चार बार से लेकर 20 बार तक खाद की आपूर्ति ली है। उनकी वास्तविक जमीन, खेत की स्थिति और खाद की खपत का ब्योरा जुटाने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2.80 करोड़ किसानों को 90354.32 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। इसमें जनपद महराजगंज में पांच लाख से अधिक किसानों को 1551.48 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में भेजी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र पर प्रदेश सरकार के प्रयासों से खाद्यान्न, दूध सहित नकदी फसलों का उत्पादन बढ़ा है। प्रदेश में कृषि विकास की दर बढ़कर 17 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।उन्होंने बताया कि विगत वर्ष 15 अगस्त तक यूरिया की खपत 26.31 लाख एमटी हुई थी, जबकि इसी अवधि में इस वर्ष किसानों को 30.68 लाख एमटी यूरिया यूरिया उपलब्ध करवाई गई है।
इसी प्रकार डीएपी, फास्फेट आदि को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक मात्रा में उपलब्ध कराया गया है। जनपद महराजगंज में भी 15 अगस्त तक 48813 एमटी यूरिया का वितरण कराया गया है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 3000 एमटी ज्यादा है।