जिला कृषि अधिकारी ने पुलिस व एसएसबी के इनपुट के आधार पर की पूछताछ
महराजगंज। खाद तस्करी की सूचना पर रविवार को संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा के पगडंडी मार्गों पर दिन भर निगरानी की। इस दौरान सोनौली, ठूठीबारी, परसामलिक क्ष्रेत्र के पगडंडी मार्गों पर जांच की गई।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस व एसएसबी की तरफ से मिल रहे इनपुट के आधार पर बाॅर्डर के रेहरा, सेवतरी, लुठहवा, नौडिहवा आदि में खाद लेकर बाइक व साइकिल से आने-जाने वालों से पूछताछ की और भूमि उपलब्धता पुष्टि के लिए खतौनी की जांच की। हालांकि 10 घंटे चले इस संयुक्त अभियान में रविवार तस्करी का कोई मामला नहीं पकड़ा जा सका। जांच-पड़ताल के दौरान एसएसबी व पुलिस के जवानों की मुस्तैदी भी देखी गई।
खाद तस्करी के आरोपी पर प्राथमिकी
सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक संयुक्त जांच अभियान के बाद डीएओ ने एसएसबी की तरफ से चार जून को पकड़े गए तस्करी के मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत कोल्हुई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया। तहरीर में बताया गया कि खैराघाट के एसएसबी निरीक्षक ने चार जून को शाम पांच बजे एक बाइक पर दो बोरी अनुदानित भारतीय डीएपी (आईपीएल) कंपनी का ले जाते एकडेंगवा के जावेद को पकड़ा।
जावेद खसरा, खतौनी नहीं दिखा सका। लेकिन पूछताछ में बताया कि उर्वरक पिपरा परसौनी के एक दुकान से खरीदा लेकिन संबंधित दुकानदार ने बिक्री से इन्कार किया और उसके बिक्री रजिस्टर में भी जावेद का नाम नहीं मिला। इसके बाद बाइक व डीएपी की दोनों बोरी कोल्हुई पुलिस को सुपुर्द किया गया। निरीक्षक कोल्हुई कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि कृषि अधिकारी की तहरीर पर एकडेंगवा निवासी जावेद पर आवश्यक वस्तु अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।