रागीनी की मौत पर रोते-बिलखते परिजन।
पनियरा थाना क्षेत्र के धगरहवां से रजौड़ा खुर्द जा रहे थे दंपती
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के धगरहवां से रजौड़ा खुर्द जा रहा एक दंपती ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर घायल हो गया। पति को मामूली चोट लगी जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय महिला की मौत हो गई। महिला आठ जून को बेटी के मुंडन के लिए मायके न्यौता देने जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत अनंतपुर मोथई निवासी धर्मेंद्र पासवान अपनी पत्नी रागिनी उर्फ रमनी (35) को लेकर बाइक से उसके मायके ग्राम पंचायत रजौड़ा खुर्द के लाइन टोला पर जा रहा था। रजौड़ा खुर्द से एक किमी पहले ही नहर की पटरी पर दंपती ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गए। हादसे में रागिनी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में धर्मेंद्र को मामूली चोटें आईं।
सूचना पर मायके के लोग व आसपास लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उसे एक निजी अस्पताल ले गए। रागिनी की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर जाते समय रास्ते में ही रागिनी की मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को परिजन घर लेकर चले गए। चर्चा है कि मृतका के मायके के घर के बगल में स्थित एक व्यक्ति की ट्रैक्टर-ट्राॅली थी। मायके में मृतका का शव रखकर लोग मामले में सुलह समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं।
धर्मेंद्र दूसरे प्रदेश में रहकर शटरिंग का कार्य करता है। उसकी चार बेटियां अंशिका (10), अनुराधा (07), अवंतिका (03) व आराध्या (6 माह) की हैं। ग्रामीणों के अनुसार, धर्मेंद्र की छोटी बेटी आराध्या का 8 जून को मुंडन संस्कार है और उसी के लिए कुछ खरीदारी व न्योता देने पति के साथ रागिनी मायके जा रही थी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है।