महराजगंज। नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। बीते तीन दिन से शहर की चार वार्डों की करीब 15 हजार की आबादी पानी के लिए तरस रही है। नगर प्रशासन द्वारा वार्डों में टैंकर का इंतजाम किया गया है लेकिन ये व्यवस्था बेपानी हो चुके वार्ड के लिए नाकाफी साबित हो रहा है।
शिवनगर वार्ड स्थित वाटर हेड टैंक का पंप चोक होने से पांच वार्डों की जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। मंगलवार से शुरू हुई इस समस्या के चलते शिवनगर, बैकुंठपुर, पंतनगर और अमरूतिया समेत आसपास के इलाकों में करीब 15 हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। घरों में नल से पानी नहीं पहुंचने के कारण लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए नगर पालिका की ओर से लगाए गए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
नगर पालिका की ओर से प्रभावित इलाकों में टैंकर भेजकर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है लेकिन इससे लोगों की परेशानी पूरी तरह कम नहीं हो पा रही है। टैंकर पहुंचने पर लोगों को पानी भरने के लिए कतार में लगना पड़ रहा है। इसके बाद बाल्टी और डिब्बों में पानी भरकर घर तक ले जाना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि नियमित जलापूर्ति बंद होने से खाना बनाने, कपड़े धोने और अन्य घरेलू काम प्रभावित हो रहे हैं।
शिवनगर वार्ड निवासी अवधेश पांडेय और राजन निगम ने बताया कि नलों से पानी नहीं आने के कारण टैंकर का इंतजार करना पड़ रहा है। टैंकर से पानी भरकर घर तक ले जाने में काफी परेशानी होती है। कई बार पानी के लिए एक से अधिक चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे हाथों में दर्द होने लगता है। उनका कहना है कि नगर पालिका को समस्या का जल्द समाधान कराना चाहिए, ताकि लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति मिल सके।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, शिवनगर वार्ड स्थित वाटर हेड टैंक के पंप में चोक होने की समस्या आई है। इसके कारण संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। खराबी दूर करने के लिए कंप्रेसर मशीन की मदद ली जा रही है। मशीन के माध्यम से पंप में आई रुकावट को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
-
कोट-
शिवनगर वार्ड स्थित वाटर हेड टैंक का पंप चोक हो गया था। कंप्रेसर मशीन लगवाकर चोक को ठीक कराया जा रहा है। प्रभावित वार्डों में टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। पंप की खराबी दूर होते ही नियमित जलापूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
- आलोक कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
स्पीक अप-
घरों में पानी नहीं आने से काफी परेशानी हो रही है। टैंकर आने पर पानी भरने के लिए इंतजार करना पड़ता है। बाल्टी और डिब्बों में पानी भरकर घर तक ले जाने में हाथों में दर्द होने लगता है। रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। नगर पालिका को जल्द पंप की मरम्मत कराकर नियमित जलापूर्ति बहाल करानी चाहिए।
- अभय वर्मा, निवासी शिवनगर वार्ड
-
पानी की आपूर्ति बंद होने से घर के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। टैंकर से पानी भरकर घर तक ले जाना काफी मुश्किल हो रहा है। कई बार जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पाता है। नगर पालिका को जल्द से जल्द पंप की खराबी ठीक कराकर पानी की नियमित आपूर्ति शुरू करानी चाहिए, ताकि लोगों को इस परेशानी से निजात मिल सके।
- नरेंद्र निगम, निवासी शिवनगर वार्ड
- कई दिनों से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण घर के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। टैंकर से पानी मिलने पर भी जरूरत के मुताबिक पानी जुटाना मुश्किल हो रहा है। महिलाओं को घरेलू कामों के लिए पानी का इंतजाम करने में काफी समय लगाना पड़ रहा है। नगर पालिका को जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू करानी चाहिए।
- ज्योत्सना शुक्ला, निवासी बैकुंठपुर
-
पानी नहीं आने से खाना बनाने से लेकर साफ-सफाई तक के लिए टैंकर के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। टैंकर से पानी भरकर घर तक लाना भी आसान नहीं है। पंप की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल करानी चाहिए।
- गुंजा वर्मा, निवासी शिवनगर वार्ड