फरेंदा। गोपलापुर शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान दो महिलाओं की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस को एक महिला की गायब सोने की चेन मंदिर परिसर में गिरा मिल गई। वहीं दूसरी महिला की चेन को चारों ने उड़ा दिया।
सोमवार को गोपलापुर शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान दो महिलाओं की सोने की चेन गायब होने की सूचना मिली। चोरी का शोर मचा तो मंदिर परिसर में तैनात पुलिस एक्शन में आ गई। तत्काल जांच शुरु हुई तो तलाशी के दौरान एक महिला की सोने की चेन मंदिर परिसर में जमीन पर गिरी मिली। जिसे पुलिस ने संबंधित महिला को सौंप दिया। वहीं दूसरी महिला द्वारा चेन चोरी की शिकायत किए जाने पर पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस करीब आधा दर्जन संदिग्धों को पूछताछ के लिए फरेंदा थाने ले गई है। वहीं इस बाबत फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।