निचलौल। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम कुआरीशती में शुक्रवार दोपहर एक अध्यापक के सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोर जेवरात और नगदी चुरा ले गए। घटना उस समय हुई, जब परिवार के सदस्य गांव में अंतिम ज में शामिल होने गए थे। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्राम कुआरीशती निवासी भगवान दास, जो पेशे से अध्यापक हैं, शुक्रवार को रोज की तरह स्कूल गए थे। उनकी पत्नी पहले घर के बगल स्थित गौशाला में मवेशियों को चारा-पानी देने गईं। इसी दौरान गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की मृत्यु की सूचना मिलने पर वह उसके घर चली गईं। घर सूना मिलते ही पहले से घात लगाए अज्ञात चोर घर में घुस गए और जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए। स्कूल से लौटने पर भगवान दास ने घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए इन आभूषणों का 80 हजार रुपये अभी भी दुकानदार के पास बकाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि उन्हें अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।