परतावल। श्यामदेउरवा क्षेत्र के पुरैना रोड स्थित लमुआ ताल के पास एक मोबाइल की दुकान का रोशनदान तोड़कर चोरों ने नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुजहना बुजुर्ग निवासी अरुण यादव पुत्र सुग्रीव यादव वर्तमान में लखिमा गांव में रहकर पुरैना रोड पर लमुआ ताल के पास श्याम मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चार नवंबर की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। पांच नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा मिला।
जांच करने पर पता चला कि दुकान के रोशनदान में लगी प्लाई तोड़कर चोर अंदर घुसे थे। चोर दुकान से कीपैड मोबाइल फोन, ईयरफोन, चार्जर, एयरबड और पावर बैंक उठा ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे नौ हजार रुपये भी चोरी कर लिए। इस संबंध में एसओ महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।