नौतनवा। कस्बे के बिस्मिल नगर वार्ड निवासी हरिराम को मारने-पीटने के मामले अब तक कोई कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार और वार्ड के लोग आक्रोशित हैं। बृहस्पतिवार की सुबह लोगों ने सीओ कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने नौतनवा पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए सीओ से न्याय की फरियाद की।
भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने बताया कि रविवार की रात करीब आठ बजे हरिराम मालवीय नगर वार्ड के रास्ते मिठाई लेकर अपने घर लौट रहे थे। कुछ लोग रास्ते में ही पटाखा फोड़ रहे थे। आरोप है कि जाने के लिए रास्ता छोड़ने की बात कहने पर वे लोग आवेश में आ गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली देने लगे। विरोध करने पर धारदार हथियार से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लोग इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जितेंद्र जायसवाल ने सीओ को कार्रवाई न होने पर लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन को बाध्य होने की चेतावनी दी। इस संबंध में सीओ बसंत सिंह का कहना है कि थानाध्यक्ष नौतनवा को प्रकरण से संबंधित समस्त आरोपियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।