कोल्हुई। थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव के टोला बगहवा के पास स्थित एक घर को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। चोर दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत 10 लाख रुपये से अधिक का सामान समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित श्याम बिहारी शनिवार सुबह पत्नी के साथ किसी काम से घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। देर शाम दंपती घर लौटे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात गायब थे। चोरी की घटना से दोनों बदहवास हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का पर्दाफाश कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की। थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।