सोनौली। नेपाल की राजधानी काठमांडो में अब पर्यटक रात में भी घूम-फिर सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरे शहर को 24 घंटे सक्रिय रखने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। अभी तक पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहे थमेल को विस्तार देते हुए पूरे काठमांडो को रात में भी गुलजार रखने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से बातचीत चल रही है। योजना लागू होने से भारतीय समेत विदेशी पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन कारोबार और रोजगार के अवसरों में भी इजाफा होगा।
थमेल पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित शांति और सुरक्षा विषयक चर्चा में काठमांडो के मुख्य जिला अधिकारी ईश्वरी प्रसाद पौडेल ने कहा कि सरकार केवल थमेल ही नहीं बल्कि पूरे काठमांडो को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि थमेल को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण जरूरी है। इसमें मकान मालिकों और कारोबारियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन में हर महीने बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
काठमांडो महानगरपालिका के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुक्तिराम आर्यल ने कहा कि शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए सार्वजनिक शौचालय, पार्किंग, कचरा प्रबंधन, यातायात जाम और भिखारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर काम किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय किया जा रहा है।
काठमांडो घाटी यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेश प्रसाद काफले ने कहा कि स्थानीय लोग और कारोबारी थमेल को वाहनमुक्त क्षेत्र बनाने के लिए तैयार होते हैं तो यातायात पुलिस पूरा सहयोग करेगी। सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस परिसर काठमांडो के प्रमुख एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप घिमिरे ने थमेल को सुरक्षित बनाने के लिए मकान मालिकों और कारोबारियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। थमेल पर्यटन विकास परिषद के अध्यक्ष राजुमन डंगोल ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी पक्षों को मिलकर प्रयास करना होगा। परिषद के महासचिव पशुपति कंडेल ने बताया कि वर्ष 2048 विक्रम संवत में स्थापित परिषद लगातार पर्यटन विकास के लिए काम कर रही है।
भारतीय पर्यटकों के लिए भी खुलेंगे नए अवसर
काठमांडो में रात के समय पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से भारत से नेपाल जाने वाले पर्यटकों को भी फायदा होगा। वे दिन के साथ रात में भी थमेल के बाजारों, रेस्तरां और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। पशुपतिनाथ मंदिर समेत अन्य प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा के दौरान समय प्रबंधन भी आसान हो सकता है। होटल, टैक्सी, रेस्तरां और दुकानों का कारोबार बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।