नौतनवा। नगर के दो अलग-अलग वार्ड स्थित घर और मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोर लाखों के गहने और नकदी समेत कई कीमती सामान लेकर चंपत हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। एक सप्ताह में दूसरी बार नगर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, कस्बे के मधुवन नगर वार्ड में नाजमा खातून के घर में मंगलवार की रात अज्ञात चोर छत के रोशनदान रास्ते घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। नाजमा खातून ने बताया कि बुधवार की सुबह जब वह सोकर उठीं तो घर के कमरे में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि घर में घुसे चोर आलमारी का लाकर तोड़कर उसमें रखा कान का झाला, खील, नथिया, पायल, छपका, पायजेब समेत लाखों के जेवरात और 15 हजार रुपए नकदी समेट ले गए।
दूसरी घटना कस्बे के सिद्धार्थनगर वार्ड स्थित अमलहवा मंदिर में हुई। जहां मंदिर के पुजारी भिक्खू दास का मंदिर में रखा 11 हजार रुपया नकदी एवं दो मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दोनों पीड़ितों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि घटना संज्ञान में है। इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।