नौतनवा। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विगत तीन माह के अंदर रविवार की रात चौथी बार हुई चोरी की घटना से स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत है। इस बार रविवार की रात अस्पताल में घुसे अज्ञात चोर परिसर में लगा मोटर ही चोरी कर ले गए।
सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर चिकित्साधीक्षक डॉ. अमित राव गौतम ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। चिकित्सक ने बताया कि पिछले तीन महीने से सीएचसी परिसर में लगातार चोरी की घटनाएं घटित हो रही हैं। हर बार थाने में लिखित सूचना भी दी गई। बावजूद इसके कोई कार्रवाई अब तक न होने से चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।