सोनौली। नेपाल के हेटौडा में पुलिस ने मंगलवार दोपहर एक भारतीय गाड़ी से 42.5 किलो गांजा बरामद कर दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया। गांजा चालक की सीट के नीचे बने गुप्त कैविटी में 19 प्लास्टिक में लिपटे पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। गाड़ी बिहार नंबर की थी और हेटौडा से भारत की ओर जा रही थी।
हेटौडा पुलिस के डीएसपी प्रमोद कुमार के अनुसार, पथलैया-हेटौडा सड़क खंड पर पीपलबोट क्षेत्र में हेटौडा उपमहानगरपालिका-15 के पास जांच के दौरान भारतीय गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेने पर चालक की सीट के नीचे बने नकली तले से गांजा बरामद हुआ। इस मामले में भारत के महुवा टोले निवासी बिरजू कुमार रे (25) और महुवा निवासी मंजय कुमार रे (26) को गिरफ्तार किया है। दोनों उसी गाड़ी में सवार थे। पुलिस ने गांजा और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।