महराजगंज। जिले में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 121 मामले आए इसमें सिर्फ 16 का ही निस्तारण मौके पर हो सका।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार, साहब जमीन पर गांव का एक दबंग व्यक्ति जबरदस्ती कब्जा कर लिया है, जिसकी शिकायती कई संपूर्ण समाधान दिवस में की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह बात कोल्हुई थाना क्षेत्र की बहुदरी बाजार निवासी करमदानी ने जिलाधिकारी संतोष शर्मा से संपूर्ण समाधान दिवस पर की।
शिकायती पर जिलाधिकारी ने एसओ को कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं बरड़ाड़ बृजमनगंज की कुसुम ने डीएम को शिकायती पत्र देकर कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस साल आठ मई काे उसकी शादी सदर ब्लाॅक में विवाह हुई थी।
विवाह के दौरान मिलने वाला कुछ सामान नहीं मिला, साथ ही अनुदान राशि खाते में नहीं आई। पूछने पर पता चला कि अनुदान की धनराशि दूसरे के खाते में चली गई है। ऐसे में धनराशि व सामान दिलाने की मांग की। नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर 18 लोहिया मार्केट के सभासद विशाल जायसवाल ने पत्र देकर कहा कि वार्ड में शिवमंदिर के करीब देशी शराब की दुकान संचालित होती है। जहां शराब पीकर लोग पूजा करने गई महिलाओं व राहगीरों पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। शराब की दुकान के कारण मांस की दुकानें भी लगती है, जिससे दुर्गंध उठती है।