महराजगंज। बृहस्पतिवार को रात इंद्रानगर, वीर बहादुर नगर, सुभाष नगर और शास्त्री नगर सहित कई इलाकों में रातभर बिजली गायब रही। इससे उमस भरी गर्मी में लोग पसीने से तरबतर होते रहे।
शास्त्री नगर के सभासद डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ला ने बताया कि रातभर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते रहे, लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं मिला। विभाग की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कोई रुचि नहीं दिखाई गई। वीर बहादुर नगर के सोनू व सुभाष नगर निवासी विजय, संतोष और नंदू ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। कभी आधी रात तो कभी तड़के बिजली गुल हो जाती है। इन इलाकों में दिन में भी एक-एक घंटे के अंतराल पर बिजली कटौती हो रही है। शास्त्री नगर निवासी अजय ने बताया कि इलाके में आए दिन बिजली का लोड बढ़ रहा है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता ई. देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर के कोतवाली क्षेत्र के पास रात्रि में जर्जर हो चुके तारों को हटाकर केबल का तार लगाया जा रहा था, जिससे कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा कुछ फीडर ओवरलोड में चल रहे हैं।
इस कारण विभाग ने एक-एक घंटे की रोस्टर प्रणाली से बिजली आपूर्ति दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जल्द फीडर की लोड बैलेंसिंग और केबल परिवर्तन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इससे बिजली की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी।