कोहड़वल में जुलूस निकालने को लेकर हंगामा कर रहे लोगों को समझाती पुलिस।
निचलौल। कोहड़वल गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर सोमवार को जुलूस निकाला जा रहा था। इसी बीच उसी समुदाय के कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। इससे हंगामा शुरू हो गया।
घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को समझाने में जुट गई। पुलिस के काफी प्रयास के बाद समिति के सदस्यों ने जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस काफी सतर्क रही।
इतना ही नहीं सुरक्षा को लेकर देर शाम तक गांव में पुलिस टीम तैनात रही। जुलूस में शामिल समिति के अध्यक्ष जगत, मोतीलाल, बोरिक, पलटू, राजू मिस्त्री आदि ने बताया कि गांव के बीच में ग्राम सभा की भूमि स्थित है।
भूमि के आसपास दलित बस्ती है। सोमवार को आंबेडकर जयंती पर उक्त भूमि से जुलूस निकाला जा रहा था, लेकिन समुदाय के कुछ लोग उक्त जगह से जुलूस निकालने का विरोध करने लगे। इतना ही नहीं रात में आयोजित कार्यक्रम में भी बाधा डालने लगे।
आरोप है कि उक्त भूमि पर पहले कब्जा था। इसे हटवाने से वह लोग आक्रोशित हैं। ऐसे में वह लोग जुलूस को लेकर थाने और तहसील के ओर बढ़ने लगे। अभी वह लोग जुलूस लेकर शहर के करीब पहुंचे थे। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच जुलूस को वापस गांव के लिए लौटा दिया।
थाना प्रभारी वरिष्ठ निरीक्षक शैलेंद्र कुमार के अनुसार किसी भी पर्व पर नई परंपरा की शुरुआत नहीं करनी है। लेकिन समिति के सदस्यों की ओर से नई परंपरा की शुरुआत की जा रही थी। इसे लेकर कुछ ग्रामीण विरोध कर रहे थे। मौके पर पहुंच समिति के सदस्यों को समझाकर शांत करा दिया गया है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। इतना ही नहीं गांव में सुरक्षा को लेकर पुलिस टीम भी तैनात है।