करंट से घायल युवक की जानकारी लेते पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह।
फरेंदा। आंबेडकर जयंती के अवसर पर जुलूस से लौटते समय मनिकौरा चौराहे पर झंडा हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। जिसमें एक ही बाइक पर सवार चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां से चारों युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर महदेवा निवासी नितिश (17), अभिषेक (18), सुमित (14) व प्रिंस (15) सोमवार को दिन में आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। जहां से एक ही बाइक पर सवार होकर बडे़ पाइप में लगा झंडा लेकर जयकारा लगाते हुए घर लौट रहे थे।
अभी मनिकौरा चौराहे से आगे कच्ची सड़क पर पहुंचे थे कि ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में पाइप आ गया। घटना में चारों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह तत्काल घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भिजवाया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पूर्व विधायक ने पीड़ित परिजनों को अहेतुक सहायता प्रदान कर बेहतर इलाज के लिए तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी से बात की।
ढीला तार बना हादसे का कारण : मनिकौरा मिल के पीछे खेत में ढीला तार होने के कारण हादसा की आशंका बनी रहती है। कुछ वर्ष पूर्व वहीं पर ताजिया जुलूस के दौरान भी हादसा हो चुका हैं। उसके बाद भी विभाग ने ढीले तारों ठीक नहीं किया।